खादी से समझौता करना पड़ता है, गांधी से मक्कारी करनी पड़ती है


चुनाव जब भी आते हैं तो मुझे पंडित जमुना प्रसाद उपाध्याय की एक ग़ज़ल याद आ जाती है -

जब-जब रायशुमारी करनी पड़ती है
क्या-क्या कारगुजारी करनी पड़ती है

खादी से समझौता करना पड़ता है
गांधी से मक्कारी करनी पड़ती है

हंसना नेमत है लेकिन कुछ लोगों को 
हंसने की तैयारी करनी पड़ती है

राजनीति में कागज की नौकाओं पर
सौ-सौ बार सवारी करनी पड़ती है

दीन-धरम से इनका लेना-देना क्या
बात मगर अखबारी करनी पड़ती है

       मुझे लगता है जमुना दादा ने ये पूरी ग़ज़ल जिस अंदाज में कही है वो उनके लंबे तजुर्बे का परिणाम है। यूं तो हर बार के चुनाव की तस्वीर कुछ ऐसी ही होती है। लेकिन इस बार के चुनाव की तस्वीर तो हू-ब-हू ऐसी ही है। न कोई मुद्दा, न कोई प्रतिभा, न जनता की जरूरत जानने की कोशिश, न लोगों के प्रेम-सौहार्द्र की चिंता। लेकिन बात पूरी अखबारी। केवल अपनी जीत का गणित लगा रहे हैं प्रत्याशी और कैसे उनसे लाभ कमाया जा सकता है इसका गणित लगाने में लगे हैं कुछ समर्थक और वोटर।



      अखबारों में चुनाव की हकीकत बयान कर पाना मुश्किल है। तमाम सीमाएं और बंधन तोड़कर आप नहीं लिख सकते। वही लिखना होता है जो तय हो और आयोग की नियमावली पर खरा हो। एक वाक्य में कहें तो चुनाव की कवरेज के दौरान अब कोई भी पत्रकार या समाचार पत्र सच के सिवा सब कुछ कहता है। ये बात जिम्मेदारी से इसलिए कह सकता हूं कि आपने सच लिखा तो वो सच किसी के खिलाफ होगा और आपकी नौकरी जाते देर न लगेगी। क्योंकि अब पत्रकार का लिखा सच रसगुल्ले के मीठे होने जैसा सवाल बन चुका है। वो मीठा तो है, लेकिन कैसा मीठा है ये साबित कर पाने में आपकी उम्र भी बीत सकती है। लेकिन यहां कुछ तो हकीकत बयान कर ही सकता हूं। और ये सच पूरी जिम्मेदारी से कह रहा हूं, क्योेंकि मैं सहाफत में हूं, सियासत में नहीं -

तअज्जुब कुछ नहीं दाना बाजार-ए-सियासत में
कलम बिक जाएं तो सच लिखना छोड़ देते हैं - अब्बास दाना

      चुनाव की कवरेज का हमेशा से शौक रहा है। जमीनी हकीकत तलाशना अच्छा लगता है। ये भी जानता हूं कि पूरा सच कभी अखबार पर नहीं लिख सकता। लेकिन फिर भी वहां तक पहुंचना जरूरी होता है। मुझ जैसी किस्मत कुछ ही लोगों की होती है। मुझे जब भी चुनाव के बारे में लिखने का मौका लगा मेरे वरिष्ठजनों ने कभी उसमें रोक-टोक नहीं लगाई। खुलकर लिखने का मौका मिला। इसलिए शायद मैं उन परिस्थितियों में रहने वालों का दर्द पूरी तरह नहीं समझ सकता जो दबाव के कारण सच लिख ही नहीं सकते। या यूं कह लीजिए कि जिन्होंने भी मुझे लिखने का हुनर सिखाया है, वो कुछ ऐसा सिखाया है कि संकेतों में भी अपनी बात कह लेता हूं। इस बार के चुनावों की हकीकत बयां करने को साबिर दत्त का एक शेर ही काफी है।

ये कैसी सियासत है मिरे मुल्क पर हावी
इंसा को इंसा से जुदा देख रहा हूं

       अजीब हालात हैं जमीन पर। इंसानों के खेमे बंटे हैं। पांच साल एकता, सौहार्र्द, प्रेम, भाईचारे के लिए प्रार्थनाएं होती हैं, अमन-ओ-अमान की दुआओं को हाथ उठाए जाते हैं। अब सब हिंदू, मुसलमान, ईसाई में बंट गए हैं। सवर्ण, दलित, पिछड़ों में बंट गए हैं। आपके पास प्रत्याशी कितना ही बेहतर क्यों न हो अगर वो भाजपा का है तो मुसलमान किसी कीमत पर वोट देने का तैयार नहीं है। क्योंकि वो अपने वर्चस्व की जंग लड़ रहा है।

सपा-बसपा का वोटर खुद को ठगा महसूस कर रहा है। उसे मालूम है कि उसका वोट दो शीर्ष नेता खरीद-बेच चुके हैं। लेकिन वो क्या करे? परंपरागत वोट है इसलिए वो वहीं जाने को मजबूर है जहां अब तक रहा है। कल को प्रदेश में फिर अगर अलग होकर सरकार बना ली तो लाभ लेना है। हिंदू अपने अस्तित्व की जंग में है। भाजपा ने क्या बुरा किया, क्या अच्छा इसका आकलन करने का वक्त नहीं है। ये समय है हिंदू राष्ट्र को एक करने का इसलिए भाजपा को ही वोट देना है। ये सारी गणित मैदान पर हो चुकी है। मुसलमान प्रत्याशी हिंदू इलाकों में जनसंपर्क ही नहीं कर रहे। क्योंकि वो गणित लगा चुके हैं कि इनका वोट बिखरेगा ही और उनके वोट से उन्हें लेना देना क्या? मुसलमानों का वोट अगर एक मुश्त पड़ गया तो जीत पक्की है। इसलिए उनके ही बीच जाकर दाल गलाई जा रही है। हिंदू प्रत्याशी मुसलमान इलाकों में जनसंपर्क से कतरा रहा है। क्योंकि उसे राष्ट्रवाद का मुद्दा लेकर चुनाव लड़ना है। कांग्रेस के भाई असमंजस में हैं क्योंकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगभग पार्टी खत्म ही हो चुकी है। चुनाव में बस्ता उठाने वाले कार्यकर्ता भी नहीं मिलते। जिनको प्रत्याशी बनाया गया है, उन्हें क्यों बनाया इस बात को लेकर पार्टी के ही पदाधिकारी नाराज हैं। हकीकत तो ये है कि ये हालात इसलिए बने हैं क्योंकि  वोटर खुद ही अपने मुद्दे नहीं पहचान पाया। खुद ही नहीं सवाल कर रहा है प्रत्याशियों से, पार्टी के उन लोगों से जो उसे बहका रहे हैं हिंदू या मुसलमान होने के नाम पर। उसे शौक है हिंदू और मुसलमान हो जाने का। अजहर हाशमी ने इस हालात को बयां किया है -

ये बेहाल सा मंजर, ये जो वीरान से हम-तुम
सियासत की नवाजिश है, किसी से कुछ नहीं बोलें

      अगर सरकार भाजपा की आई तो हिंदू खुश रहेगा कि उसकी सरकार तो है, बेशक उसे कुछ न मिले। गठबंधन ने जीत दर्ज कर ली और कांग्रेस की गोद में बैठकर सरकार बना ली तो मुसलमान खुश हो जाएगा कि अब हिंदुओं के पांच साल का जवाब देंगे। कुल मिलाकर हमें तैयार रहने की जरूरत है अगले पांच साल में बढ़ने वाली दूरियों को देखने के लिए। आपको जो मिलने वाला है उसका कुछ पता नहीं, जो आप खोने वाले हैं उसका कुछ अंदाजा भी नहीं। यूं भला तो कोई भी पार्टी न करने वाली। अब इस तालाब में काई जमती जा रही है। उसे साफ करने को दो-चार लोटा पानी निकालकर फेंकने से कुछ नहीं होने वाला। अब तो जरूरत है तालाब पाट दिया जाए। नई नहर खोदी जाए जिसमें पानी रुके ही ना, काई जमी ही ना। लेकिन इस बदलाव को जो वक्त और हिम्मत चाहिए उसके लिए आपको तैयार होना होगा, तैयार करना होगा। कुछ फायदे छोड़ने होंगे, कुछ नुकसान उठाने होंगे। क्योंकि नामुमकिन तो कुछ भी नहीं।

इनसे उम्मीद न रख, हैं ये सियासत वाले
ये किसी से भी नहीं मोहब्बत करने वाले

टिप्पणियाँ

सबसे ज्यादा पढ़े गए

एक पाती वैकुंठ को ... मनोहर तेरो नाम

स्वर्ग की आज़ादी - हमीं अस्त, हमीं अस्त, हमीं अस्त

केवल विरोध के लिए भाषा का विरोध