एक पाती वैकुंठ को ... मनोहर तेरो नाम


ये तारीख 17 मार्च थी। जब हर कोई डूबा था चौकीदार बनने में। इस बीच तुम, जो सबसे मजबूत चौकीदार थे, चले गए। क्या दुख था कोई, या आहत हुए थे। कुछ भ्रष्ट भी खुद को चौकीदार कह रहे थे, इसलिए तो नहीं। तुम्हारे जाने से दुखी हूं, मन में कई प्रश्न हैं और एक कोलाहल भी। ये पाती लिख रहा हूं तुम्हारे नाम, वैकुंठ के पते पर, क्योंकि जानता हूं कहीं और ठौर न होगा तुम्हारा, ईश्वर भी कहीं और न भेजेंगे इस पवित्र आत्मा को। 



   

क्या गेरुआ वस्त्र पहने तभी तुम्हें संत कहूं, आधी बांह की शर्ट में भी किसी संत को देखा है मैंने। कंदराओं में रहने वाले को ही सन्यासी कहूं क्या? आईआईटी जैसे विश्वस्तरीय संस्थान में भी सन्यासी होते हैं। कुछ वन में गृही रहते हैं, तुम गृह में सन्यासी थे। क्या देकर जाना चाहते थे इस दुनिया को। एक विचार साधारण रहने का, लेकिन ये इतना असाधारण है कि धारण कर पाना असंभव है। या एक जीवनशैली विशिष्टताओं को त्यागकर विशेषताओं को ग्रहण करने की, ये कहीं अधिक कठिन है। 

    जीवन भर शुद्ध अंत:करण से प्रत्येक कार्य को करने का जो संकल्प लिया वो कैसे किया? जैसे भी किया, लेकिन जो मानक खड़े कर गए उनके बाद तो हर कोई यही पूछेगा कि ये क्यों किया? असंभव है कोयले की खान में खुद को कालिख से बचा पाना। आपने कर दिखाया। लेकिन क्या तुम्हारा गोवा अब वैसा ही रहेगा? क्या राजनीति उतनी ही ईमानदार रहेगी जितना तुमने सोचा है। तुम्हें नहीं पता, तुम्हारे अवसान के बाद हर कोई अपनी ओर से श्रद्धांजलि दे रहा था। सबको दुख था। एक अच्छे और ईमानदार नेता के जाने का। क्यों? क्या तुमसे सभी मिले थे, दुख था तो क्या अपने जीवन में तुम्हारे अंश बराबर भी ईमानदार हो सकेंगे। क्या कतार में लगकर तुम्हारी तरह देश के परिवर्तन के लिए मतदान कर सकेंगे। क्या तुम्हारी तरह चौराहे और नाके पर नियम का पालन कर सकेेंगे। अगर नहीं तो फिर दुख क्या था? 


    आज भी तुम्हारे शब्द कानों में गूंजते हैं। ईमानदारी की यात्रा लंबी होती है, अंतहीन नहीं। सत्यता और ईमानदारी हमारी नीति नहीं होनी चाहिए हमारे तत्व होने चाहिए। नीति में परिवर्तन आ सकता है, तत्व में नहीं। लेकिन यहां तो कुछ भी नहीं है। तुम उन सैकड़ों लोगों की आशा थे जो सुबह को मजदूरी करते हैं और शाम को आधी रोटी मिल बांटकर खा लेते हैं। तुम उस गोवा का सम्मान थे जहां लोग चरस फूंकने और जिंदगी को स्वाहा करने जाते हैं। तुम उस गोवा का मान थे जहां का साधारण व्यक्ति भी तुम से डरता नहीं था, तुम्हारा सम्मान करता था। 
     अब तुम वैकुंठ में हो। अपनी आयु पूरी करके विश्राम कर रहे हो। लेकिन इस रिक्तता को यहां कौन भरेगा? इन विशुद्ध संस्कारों का उत्तराधिकार लेने को भी कोई तैयार नहीं है। पाती खत्म कर रहा हूं। भारी मन से। बस इतनी प्रार्थना है कि तुम्हारा फिर अवतरण हो, और उस अवतार का व्यक्तित्व भी ऐसा ही हो - मनोहर।

एक मुरीद।

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

सबसे ज्यादा पढ़े गए

स्वर्ग की आज़ादी - हमीं अस्त, हमीं अस्त, हमीं अस्त

केवल विरोध के लिए भाषा का विरोध